​नवी मुंबई (घंसोली): सिडको के सरकारी भूखंडों पर अवैध निर्माण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

नवी मुंबई (घंसोली):नवी मुंबई के घंसोली नोड में सिडको (CIDCO) के सरकारी भूखंडों पर भू-माफियाओं और बिल्डरों द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण व कब्जों के खिलाफ सिडको प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। भूखंडों पर अनधिकृत रूप से टीन शेड खड़े कर फ्लैटों की बुकिंग का अवैध कारोबार चलाने वालों के खिलाफ निष्कासन और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

घंसोली इलाके में सिडको की बहुमूल्य जमीनों पर ‘सृष्टि व्हेंचर’ और ‘कृष्णा इंपीरियल’ जैसे प्रोजेक्ट्स के नाम पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिडको के प्रबंध निदेशक अश्विन मुदगल ने संबंधित अतिक्रमण विरोधी दस्ते को तुरंत प्रभाव से शेड हटाकर भूखंडों को पूरी तरह खाली कराने का सख्त हुक्म दिया है।

प्रशासन की चेतावनी:

सिडको प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल घंसोली ही नहीं, बल्कि नवी मुंबई के अन्य सभी नोड्स में भी सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर फौजदारी मामले दर्ज किए जाएंगे। साथ ही, आम नागरिकों को भी यह हिदायत दी गई है कि वे किसी भी अनधिकृत या फर्जी प्रोजेक्ट में संपत्ति की बुकिंग या खरीदी करने से पहले सिडको और रेरा (RERA) से उसकी वैधता की पूरी जांच अवश्य कर लें।

(रिपोर्ट: आकाश शर्मा, ब्यूरो चीफ, पब्लिक पोलिस मीडिया)

RELATED ARTICLES

Most Popular